Weather Update: राजस्थान के 31 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 25 जून को दस्तक देगा मानसून

post 7878 (1)

जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जारी हैं और मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर बने रहने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में मानसून की एंट्री 25 जून के आसपास होने की उम्मीद है।

शुक्रवार को कोटा, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, बूंदी सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान बूंदी जिले के रायथल क्षेत्र में सर्वाधिक 33 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में 21 से 24 जून के बीच मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है।

अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट

सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में तेज मेघगर्जन, आंधी और मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट:-

मौसम विभाग ने अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और डीडवाना-कुचामन सहित 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा प्रदेश के 13 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।