बाइक से घर लौट रहे युवक पर छुरी से सीने पर हमला, अस्पताल ले जाते समय मौत

बाइक से घर लौट रहे युवक पर छुरी से सीने पर हमला, अस्पताल ले जाते समय मौत
कोटड़ा. (उदयपुर)। बेकरिया थाना क्षेत्र के टांकरी घाटी में गत दिनों बाइक सवार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने छुरी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से हॉस्पिटल जाते समय युवक की मौत हो गई। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई शांतिलाल अहारी ने बताया कि सिरोही जिले के पिंडवाड़ा अन्तर्गत ठंडी वेरी निवासी मेवा राम (25) पुत्र लिंबा राम गरासिया बुधवार को सामाजिक कार्यक्रम में पीपली खेड़ा गांव आया हुआ था। कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब 9 बजे बाइक पर सवार होकर अपने दोस्तों के साथ बेकरिया से घर लौट रहा था। इसी दौरान बेकरिया थाने से तीन किलोमीटर दूर टांकरी घाटी में दो बाइक पर आए अज्ञात बदमाशों ने मेवा राम पर छुरी से सीने पर हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से हॉस्पिटल ले जाते समय मेवा राम की बीच रास्ते मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बेकरिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।