सरकारी अस्पताल में 2 प्रसूताओं की मौत के बाद बड़ा एक्शन, लेडी डॉक्टर बर्खास्त; सर्जन समेत 3 निलंबित

4

सरकारी अस्पताल में 2 प्रसूताओं की मौत के बाद बड़ा एक्शन, लेडी डॉक्टर बर्खास्त; सर्जन समेत 3 निलंबित

कोटा। कोटा मेडिकल कॉलेज में सीजेरियन डिलीवरी के बाद दो प्रसूताओं की मौत और अन्य की तबीयत बिगड़ने के मामले में प्राथमिक रूप से डॉक्टर्स की लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को चिकित्सा आयुक्त बीएल गोयल के दौरे के बाद देर रात अर्जेंट टेंपरेरी बेसिस (यूटीबी) पर कार्यरत डॉ. श्रद्धा उपाध्याय को सेवा से हटा दिया गया। जबकि एक चिकित्सक समेत दो नर्सिंग कर्मियों को निलंबित किया गया है। वार्ड प्रभारी प्रोफेसर डॉ. बीएल पाटीदार व डॉ. नेहा सिहरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पोस्ट गायनिक वार्ड के सीनियर डॉक्टर गायब थे और रेजिडेंट के भरोसे उपचार चल रहा है। जांच में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर चिकित्सा निदेशालय ने सर्जरी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नवनीत कुमार, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर गुरजीत कौर और निमेश वर्मा निलंबित कर दिया है।

वहीं, यूटीवी पर कार्यरत सहायक आचार्य डॉ श्रद्धा उपाध्याय को सेवा से हटा दिया गया है। आयुक्त ने संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल तथा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. निलेश जैन के साथ करीब तीन घंटे तक नए अस्पताल में जांच की। डिलीवरी के बाद प्रसूताओं को कौन-कौनसी दवाइयां दी गई। उस दौरान किस डॉक्टर की ड्यूटी थी और ऑपरेशन करने वाले डॉक्टरों की जानकारी ली। उन्होंने भर्ती प्रसूताओं से बात की।