पेपर देने जा रही विवाहिता के साथ युवक ने किया दुष्कर्म, वीडियो बनाकर दी धमकी

post 71 (1)

चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए एक युवक पर विवाहिता से दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में विवाहिता ने बताया कि वह परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए परिचित हुआ युवक कार लेकर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक उसे सीकर स्थित एक होटल में ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। होश आने पर उसने खुद को निर्वस्त्र अवस्था में पाया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर धमकाया और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की बात कही।

जिसके बाद 24 जून को आरोपी ने फोन कर उसे राजलदेसर-सिमसिया सड़क मार्ग पर बुलाया। वहां से वह जबरन उसे कार में बैठाकर सूरत ले गया। इस दौरान गाड़ी दूसरा युवक चला रहा था। सूरत में एक अन्य युवक भी मिला, जिसने कमरे की व्यवस्था की। वहां भी युवक ने अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। पीडिता के अनुसार इस दौरान दो-तीन अन्य युवकों ने भी उसका देह शोषण किया।

पीड़िता ने बताया कि बाद में आरोपी उसे राजसमंद में छोड़कर चले गए, जहां से उसके पिता और अन्य परिजन उसे वहां से गांव लेकर आए। 

रतनगढ़ थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

You may have missed