Weather Update: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिज़ाज, 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट

Weather Update: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिज़ाज, 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होते ही राजस्थान में एक बार फिर सर्दी का असर देखने को मिला है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को कई क्षेत्रों में घना कोहरा, शीतलहर और शीत दिन का अनुभव हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी से 4 फरवरी तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और मेघगर्जन की संभावना है।
बारिश का अलर्ट जारी:-
मौसम केंद्र जयपुर ने 31 जनवरी से 4 फरवरी तक पांच दिन प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय:-
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना है। 1 और 2 फरवरी को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में मध्यम बारिश/मावठ की चेतावनी भी जारी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है।
वज्रपात की चेतावनी:-
31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच अलवर, डीग, धौलपुर, जयपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और चूरू सहित कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।