Weather Update: राजस्थान में मौसम का डबल अटैक, 22 व 23 मई को आंधी-बारिश, 24 मई से फिर बढ़ेगा तापमान

post 341 (1)

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 24 मई के बाद प्रदेश में तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते कई जिलों में हीटवेव और कुछ स्थानों पर तीव्र हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की संभावना जताई गई है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और आगामी दिनों में बारिश की संभावना काफी कम मानी जा रही है।

मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में गर्म हवाओं और लू का असर दर्ज किया गया। इस अवधि में श्रीगंगानगर सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह के समय प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हवा में नमी का स्तर 20 से 72 प्रतिशत के बीच बना रहा।

उत्तरी राजस्थान में 45 डिग्री के पार पारा:-

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि अन्य कई जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे अस्थायी रूप से तापमान में हल्की गिरावट महसूस हो सकती है।

22 और 23 मई को आंधी और हल्की बारिश के संकेत:-

मौसम विभाग ने बताया कि 22 और 23 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

24 मई के बाद तेज गर्मी लौटने के आसार:-

विशेषज्ञों के मुताबिक 24 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर तेज हो सकता है। खासकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तीव्र हीटवेव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।