Weather Update : कल से शुरू होगा नौतपा, बढ़ेगी तपिश; आज 22 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

post 380 (1)

Weather Update :राजस्थान में शनिवार को मौसम के मिजाज में आंशिक बदलाव देखने को मिला। कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, जिससे रात के समय गर्मी के असर में कुछ राहत महसूस हुई। जयपुर, हनुमानगढ़, अलवर और टोंक सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। हालांकि, शेखावाटी क्षेत्र के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

25 मई से शुरू होगा नौतपा, 2 जून तक असर:-

प्रदेश में 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है, जो 2 जून तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। कई इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की गई है।

जैसलमेर सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 45 डिग्री के करीब:-

पिछले 24 घंटों के दौरान जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बाड़मेर में 45.1 डिग्री, फलोदी में 45 डिग्री तथा बीकानेर में 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में भी अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

19 जिलों में येलो और 3 में ऑरेंज अलर्ट:-

मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि बीकानेर, जैसलमेर और फलोदी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

येलो अलर्ट वाले जिलों में अलवर, बारां, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, डीग, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, प्रतापगढ़, सीकर, बालोतरा, बाड़मेर, चूरू, हनुमानगढ़, जोधपुर और श्रीगंगानगर शामिल हैं।