Rajasthan: सरकार ने बदले 7 जिलों के जिला प्रभारी सचिव! बीकानेर में IAS देबाशीष पृष्टि की जगह IAS हेमंत गेरा को मिली जिम्मेदारी

जयपुर। राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए सात जिलों के जिला प्रभारी सचिवों में बदलाव किया है। नए आदेशों के तहत संबंधित जिलों में नए आईएएस अधिकारियों को प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, बीकानेर में आईएएस देबाशीष पृष्टि के स्थान पर आईएएस हेमंत गेरा को जिला प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। चित्तौड़गढ़ में आईएएस वी. सरवन कुमार की जगह आईएएस विकास एस. भाले को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राजसमंद में आईएएस केएल स्वामी के स्थान पर आईएएस आरती डोगरा को प्रभारी सचिव बनाया गया है।
इसी प्रकार कोटपूतली-बहरोड़ में आईएएस अनुपमा जोरवाल की जगह आईएएस वी. सरवन कुमार को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि धौलपुर में आईएएस ओमप्रकाश कसेरा के स्थान पर आईएएस राजन विशाल को प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सिरोही में आईएएस डॉ. प्रतिभा सिंह की जगह आईएएस केएल स्वामी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डूंगरपुर में आईएएस नेहा गिरी के स्थान पर आईएएस नमित मेहता को प्रभारी सचिव बनाया गया है।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार ये सभी प्रभारी सचिव कल से अपने-अपने जिलों का दौरा शुरू करेंगे। इस दौरान वे समर कंटीजेंसी प्लान, फ्लैगशिप योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सेवाओं और पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठकों में भाग लेंगे।
इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर संचालित ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की तैयारियों और क्रियान्वयन की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा।