अमित शाह के बीकानेर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, 50 अधिकारीयों की विशेष टीम को सौंपी अलग-अलग जिम्मेदारी

बीकानेर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 25 मई को प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और वीवीआईपी प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री भी बीकानेर पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो।
दौरे की तैयारियों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने करीब 50 अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है, जो कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। जिला कलक्टर की ओर से जारी निर्देशों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कार्मिक लगाने तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
पीबीएम अस्पताल में विशेष चिकित्सा प्रबंध:-
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पीबीएम अस्पताल प्रशासन ने भी विशेष चिकित्सा तैयारियां की हैं। हल्दीराम हृदय रोग विभाग में एक अलग वार्ड रिजर्व रखा गया है, जहां 24 घंटे चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कार्मिक तैनात रहेंगे।
इसके अलावा दौरे के दौरान चार एंबुलेंस को स्टैंडबाय रखने का निर्णय लिया गया है। इनमें बीएसएफ कैंपस, नाल एयरपोर्ट, सांचू बॉर्डर और पीबीएम अस्पताल में एक-एक एंबुलेंस तैनात रहेगी। प्रत्येक एंबुलेंस में हृदय रोग, मेडिसिन, अस्थि रोग और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और लैब तकनीशियन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
आपात स्थिति के लिए ब्लड रिजर्व की व्यवस्था:-
अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप का विशेष रिजर्व भी तैयार किया है। दो यूनिट ब्लड एंबुलेंस में उपलब्ध रहेगा, जबकि अतिरिक्त दो यूनिट ब्लड रिजर्व में सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल प्रभाव से निपटा जा सके।