Weather Update: मौसम विभाग ने राजस्थान के इन जिलों में किया बारिश का अलर्ट जारी, पढ़े खबर

post 236 (1)

जयपुर। प्रदेश में अगले 48 घंटों तक तापमान में हल्की राहत मिलने के संकेत हैं, लेकिन इसके बाद एक बार फिर भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 मई से पश्चिमी राजस्थान में तेज हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इधर शुक्रवार शाम करीब 4:15 बजे मौसम विभाग ने आगामी तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया। विभाग के अनुसार बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में हल्की बारिश और तेज आंधी की संभावना बनी हुई है। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे निम्न दबाव क्षेत्र का असर भी प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने 15 से 17 मई के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

15 मई को भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं, जबकि बीकानेर संभाग में भी बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 16 और 17 मई को भरतपुर और कोटा संभाग में हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का खास ध्यान रखने की अपील की गई है।

You may have missed