Rajasthan: नीट परीक्षा रद्द होने का सदमा नहीं झेल पाया कोचिंग छात्र, किया सुसाइड

post 149 (1)

सीकर। नीट परीक्षा रद्द होने के बाद सीकर में एक कोचिंग छात्र द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार झुंझुनूं जिले के गुड्डा गांव निवासी प्रदीप पिछले तीन वर्षों से सीकर में रहकर एक निजी कोचिंग संस्थान से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिवार के मुताबिक 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा छात्र की अच्छी गई थी और उसने करीब 650 अंक आने की उम्मीद जताई थी।

बताया जा रहा है कि परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद से प्रदीप काफी तनाव में रहने लगा था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी दोनों बहनें, जो उसके साथ ही रहती थीं, कमरे से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग छात्र को तुरंत एसके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मृतक के परिजनों ने इस घटना के लिए परीक्षा प्रणाली और सरकारी व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अचानक परीक्षा रद्द होने से छात्र पर गहरा मानसिक प्रभाव पड़ा, जिससे वह इस कदम तक पहुंच गया।

उद्योग नगर थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

खबर अपडेट की जा रही है…