अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को कुचला, ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार

अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को कुचला, ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार
हनुमानगढ़। जिले के रोडावाली गांव में देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 11 बजे रोडावाली बस स्टैंड के पास हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जंक्शन थाना पुलिस को गांव के पूर्व सरपंच ने घटना की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि रोडावाली बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा है, जिसे किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
ग्रामीणों ने मृतक की पहचान रोडावाली निवासी परमजीत सिंह (35) के रूप में की। जानकारी के अनुसार परमजीत सिंह रात के समय बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद था, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन की पहचान की जा सके।