रुपए डबल करने का झांसा देने वाला पकड़ा, सोशल मीडिया पर ग्रुप बना कर ठगता था

रुपए डबल करने का झांसा देने वाला पकड़ा, सोशल मीडिया पर ग्रुप बना कर ठगता था
टोंक की जिला स्पेशल टीम टोंक और पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को रुपए कम समय में ही डबल करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। आरोपी को कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड व एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी ने टोंक कोतवाली क्षेत्र के जसवंत नगर में कई लोगों से एक लाख रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी की है। जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि एसपी रोशन मीना के निर्देशन में और टोंक एडिशनल एसपी रतन लाल भार्गव, टोंक डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी और कोतवाली थाना प्रभारी भंवरलाल वैष्णव के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की गई है। डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि आरोपी उनियारा थाना क्षेत्र चतरपुरा निवासी लेखराज उर्फ चिंटू ( 26) पुत्र रामप्रकाश मीणा ने टोंक शहर के जसवंत नगर के कई लोगों से साइबर ठगी की है। आरोपी द्वारा वॉट्सऐप ग्रुप और टेलिग्राम द्वारा अलग-अलग ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ा और फिर उनको शेयर मार्केट में ट्रेडिंग में पैसा डबल करने का झांसा देकर लोगों के साथ साइबर फ्रॉड किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी द्वारा 1 लाख 15 हजार 662 रुपए की साइबर ठगी की है।