सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो वायरल करना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

post 31 (1)

चूरू। जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने के मामलों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि युवाओं में हथियारों के साथ फोटो/वीडियो वायरल करने की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए ऐसे मामलों में कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटील के निर्देशन में, थानाधिकारी रायसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखते हुए सूचना जुटाई। जांच में सामने आया कि दंदेऊ सुल्तानसिंह निवासी अमनसिंह (20) और नरेंद्रसिंह (21) ने अपने एक परिचित आर्मी मैन के लाइसेंसी हथियार के साथ फोटो खिंचवाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।