Road Accident: तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, स्कूली छात्रा की मौत

post 32 (1)

Road Accident: अलवर, शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कीम नंबर 10 के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा अपनी बहन के साथ ई-रिक्शा में बैठकर स्कूल से घर लौट रही थी। घुमाव पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पलट गया।

हादसे में छात्रा ई-रिक्शा के नीचे दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

कोतवाली थाना प्रभारी रमेश सैनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों के अनुसार, दोनों बहनें स्कीम नंबर 1 स्थित स्कूल से स्कीम नंबर 10 स्थित अपने घर ई-रिक्शा से लौट रही थीं। इसी दौरान कार की टक्कर से रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया, जिससे छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्कूल स्टाफ जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपने की बात कही है।