दर्दनाक हादसा: नाले में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत

बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसे में नाले में भरे पानी में नहाने उतरी दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार को आबापुरा थाना क्षेत्र के उमरी नाला डाबरा में हुआ। मृत बच्चियों की पहचान नादिया गांव निवासी भूली और रोनिका के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकलवाकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए।
पुलिस के अनुसार दोनों बच्चियां बांसवाड़ा जिले के नादिया गांव की रहने वाली थीं। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे वे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित नाले में नहाने के लिए गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल पाया। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि दोनों बच्चियों को आखिरी बार गड्ढे के आसपास देखा गया था।
पानी में डूबने की आशंका के बाद रात करीब 9 बजे आबापुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई रवि थापा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग चार घंटे तक पानी के अंदर बच्चियों की तलाश की गई। काफी मशक्कत के बाद देर रात करीब एक बजे पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। बुधवार सुबह से ही महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने बुधवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिए।
मृत बच्चियों की पहचान 9 वर्षीय भूली पुत्री दिलीप निनामा और 8 वर्षीय रोनिका पुत्री रामप्रसाद निनामा के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां एक ही मोहल्ले की रहने वाली थीं। भूली कक्षा 5वीं और रोनिका कक्षा 4वीं की छात्रा थी और दोनों साथ-साथ ही पढ़ने जाती थी। मंगलवार को दोनों बच्चियों साथ-साथ नहाने के लिए गई थी। लेकिन, दोनों की डूबने से मौत हो गई।