Rajasthan: शादी के 23 दिन बाद नवविवाहिता ससुराल से गहने लेकर फरार, वारदात में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार

post 426 (1)

Rajasthan: बालोतरा पुलिस ने जेवरात और नकदी चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि नवविवाहिता ने अपने पूर्व परिचितों के साथ मिलकर ससुराल से गहने और नकदी चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित खुलासे को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन अश्ववेग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह एवं वृताधिकारी विकास कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की है।

नवविवाहिता के घर से जाने के बाद सामने आया मामला:-

कल्याणपुर पुलिस थाने के अनुसार 16 मई 2026 को अराबा दुदावतान निवासी लेहरों देवी पत्नी उदाराम सुथार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 मई की अल सुबह उनकी नवविवाहिता बहू जिज्ञासा जांगिड़ बिना बताए घर से चली गई। परिजनों के अनुसार तलाश के दौरान जानकारी मिली कि वह कथित रूप से एक मोटरसाइकिल सवार के साथ गई है।

शिकायत के मुताबिक जब घर में रखे सूटकेस और अलमारी की जांच की गई तो ताले खुले मिले तथा सोने-चांदी के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद गायब पाए गए। परिवार ने कई कीमती गहने चोरी होने की बात रिपोर्ट में दर्ज करवाई।

पुलिस जांच में परिचितों से जुड़े कथित सुराग:-

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता के पुत्र तनुज का विवाह 21 अप्रैल 2026 को जिज्ञासा जांगिड़ से हुआ था। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर मोटरसाइकिल सवार की पहचान नकुल जांगिड़ निवासी जोधपुर के रूप में हुई, जो जिज्ञासा का पूर्व परिचित निकला।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिज्ञासा जांगिड़ ने नकुल जांगिड़ और साहिल हुसैन के साथ मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचा था। योजना के तहत 13 मई की अल सुबह नकुल बाइक लेकर ससुराल पहुंचा, जहां से जिज्ञासा ससुराल पक्ष के गहने और नकदी चोरी कर उसके साथ फरार हो गई। बाद में चोरी के कुछ सोने के जेवरात साहिल हुसैन को बेचने के लिए दिए गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, गहने बरामद:-

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल हुसैन निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें दो रखड़ी सेट, गले की एक आड़, नेकलेस और एक शीशफूल शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और शेष गहनों व नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।