Road Accident: ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर, तीन की मौत, आठ घायल

post 425 (1)

जयपुर। जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह महिलाओं और दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। सभी यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। हादसा ट्रक और क्रूजर गाड़ी की टक्कर से हुआ, जिसमें क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार क्रूजर में सवार लोग महाराष्ट्र से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चौमूं क्षेत्र में हाडौता पुलिया (वीर हनुमान पुलिया) के पास हाईवे पर अचानक ट्रक के यू-टर्न लेने से हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही क्रूजर ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर अन्य गाड़ियों से भिड़ता हुआ सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसा।

चौमूं थाना प्रभारी हरबेंद्र सिंह के अनुसार घटना सुबह करीब 7 बजे की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों व मृतकों को वाहन से बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि शवों को चौमूं सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर महाराष्ट्र नंबर की थी। मृतकों की पहचान आदेश, मेघा और शालू के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।