दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर एसयूवी पलटी, 18 वर्षीय युवती की मौत, पांच अन्य गंभीर घायल
दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर एसयूवी पलटी, 18 वर्षीय युवती की मौत, पांच अन्य गंभीर घायल
बालोतरा। जिले के सिवाना थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मवड़ी गांव के पास हाईवे पर एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में घायल सभी लोग जालोर जिले के केसवना गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार के कुल नौ सदस्य बालोतरा जिले के खेड़ स्थित माताजी के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मवड़ी गांव के पास वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय जिला नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान चिकित्सकों ने नीतू (18), पुत्री सूरज कुमार दर्जी, निवासी केसवना, को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों में तरुण (10), हितेश कुमार (17), कमला देवी (50), पुरुषोत्तम (27) और ममता (21) शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार नाहटा अस्पताल में जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर सिवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।