भारतीय सीमा में पाक ड्रोन की घुसपैठ, हेरोइन की खेप गिराई, वापस उड़ान नहीं भर पाया तो ड्रोन हुआ धराशायी
भारतीय सीमा में पाक ड्रोन की घुसपैठ, हेरोइन की खेप गिराई, वापस उड़ान नहीं भर पाया तो ड्रोन हुआ धराशायी
श्रीगंगानगर: अंतरराष्ट्रीय सीमा पार पाकिस्तान की नापाक हरकतें जारी हैं। गुरुवार देर रात पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में घुसा और हेरोइन की खेप गिराकर वापस लौटने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।
पुलिस और बीएसएफ ने रावला थाना क्षेत्र के गांव 15 केएनडी के पास सर्च ऑपरेशन कर ड्रोन को जब्त किया। ड्रोन से चार पैकेट हेरोइन बरामद किए गए, जिनका कुल वजन चार किलो से अधिक था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग बीस करोड़ रुपए बताई जा रही है।
अनूपगढ़ के सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि इन पैकेटों को पंजाब के ड्रग्स माफिया द्वारा लेने के प्रयास किए जा सकते हैं। इसके मद्देनजर पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पिछले कुछ महीनों तक पाक ड्रोन की आवाजाही कम रही थी, लेकिन हाल ही में इसका दौर फिर शुरू हुआ। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि ड्रोन की दिशा, उड़ान रूट और तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।