आज साल का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात, कल सूर्य का आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश… वर्षा ऋतु का माना जाता संकेत

post 805 (1)

जयपुर। आज साल का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात रहने वाली है। खगोलीय गणना के अनुसार आज दिन की अवधि लगभग 13 घंटे 50 मिनट रहेगी, जबकि रात केवल 10 घंटे 19 मिनट की होगी।

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार कल सूर्य आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करेगा, जिसे वर्षा ऋतु की शुरुआत का संकेत माना जाता है। आर्द्रा से लेकर हस्त नक्षत्र तक के आठ वर्षा नक्षत्र आगामी 120 दिनों के मानसूनी मौसम की दिशा और प्रभाव तय करेंगे।

ज्योतिष विशेषज्ञों का मानना है कि इस अवधि में बनने वाले ग्रह-नक्षत्रों के विशेष संयोग का असर मौसम और कृषि क्षेत्र पर देखने को मिल सकता है। सूर्य और बुध की युति से बुधादित्य योग का निर्माण होगा, वहीं भद्र राजयोग और जल कारक योग भी बन रहे हैं, जिन्हें अच्छी वर्षा के लिए शुभ माना जाता है।

मान्यता है कि मघा, पुष्य और अश्लेषा नक्षत्र के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना रहती है। ऐसे में इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रहने और कृषि क्षेत्र को राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

आर्द्रा नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश के साथ ही वर्षा ऋतु का प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है, जिससे किसानों को बेहतर मानसून और अच्छी फसल की आस बंधी है।