बीकानेर: एक्सीडेंट के बाद स्कॉर्पियो छोड़कर भागे थे चोर, सरगना गिरफ्तार

8

बीकानेर: एक्सीडेंट के बाद स्कॉर्पियो छोड़कर भागे थे चोर, सरगना गिरफ्तार
बीकानेर। जेएनवीसी थाना पुलिस ने वल्लभ गार्डन इलाके से स्कॉर्पियो चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी की गई गाड़ी भी बरामद कर ली है। पकड़ा गया आरोपी अशोक उर्फ अंशू जाट (22) बालोतरा जिले के बायतू का रहने वाला है। वह शातिर वाहन चोर गिरोह का मास्टरमाइंड है। वल्लभ गार्डन निवासी महिला ने 27 मार्च, 26 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 2:55 बजे घर के बाहर खड़ी उनकी स्कॉर्पियो चोरी हो गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि आरोपी गाड़ी लेकर भाग रहे थे, लेकिन जोधपुर के ओसियां के पास गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गए, जिसे स्थानीय पुलिस ने जब्त कर लिया था।

थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि पूर्व में रेकी करने वाले आरोपी बीजाराम और भंवराराम को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ में मुख्य सरगना अशोक उर्फ अंशू का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि वह सोजत सिटी (पाली) जेल में बंद है। पुलिस उसे वहां से प्रोडक्शन वारंट पर बीकानेर लाई और गिरफ्तार किया। अ पुलिस के अनुसार, इस गैंग का पुराना रिकॉर्ड है कि वे वाहनों को चोरी कर उनका इस्तेमाल अवैध कार्यों (तस्करी) में करते हैं। आरोपी अशोक शातिर अपराधी है और पूर्व में भी कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।