बज्जू में 6 दिन में दूसरी आग, कीकर के सूखे पेड़ों से तेजी से फैली, 4-5 बीघा क्षेत्र प्रभावित

बज्जू में 6 दिन में दूसरी आग, कीकर के सूखे पेड़ों से तेजी से फैली, 4-5 बीघा क्षेत्र प्रभावित
बज्जू फांटा स्थित आईजीएनपी कॉलोनी के समीप जंगल में आग लग गई। कीकर के सूखे पेड़ों में आग तेजी से फैल गई, जिससे करीब 4-5 बीघा क्षेत्र प्रभावित हुआ। यह बज्जू में छह दिनों के भीतर आग लगने की दूसरी घटना है। आग की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचित किया। जंगल में आग का फैलाव अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बज्जू एसडीएम सांवरमल रैगर ने बताया कि आग लगने के प्राथमिक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटनास्थल पर कोई बिजली की लाइन या अन्य गतिविधि संचालित नहीं हो रही थी। एक ओर इंदिरा गांधी नहर परियोजना का कॉलोनी परिसर है, तो दूसरी ओर बज्जू माइनर स्थित है।
एसडीएम ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारी और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गए। बीकानेर और गुड़ा थर्मल पावर प्लांट से फायर ब्रिगेड बुलाई गई, जिसने समय रहते आग पर काबू पा लिया। नायब तहसीलदार नितिन पुरोहित ने जानकारी दी कि दमकल ने कुशलता से आग पर तुरंत नियंत्रण पा लिया। उन्होंने कहा कि यदि आग खेतों की मेड़ तक फैल जाती, तो उसे रोकना बेहद मुश्किल हो जाता। एहतियात के तौर पर क्षेत्र पर अभी भी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी चिंगारी से दोबारा आग न भड़के।