शादी की ‘बासी’ रसमलाई बनी जहर! 30 बच्चे समेत 97 लोग अस्पताल में भर्ती

post 128 (1)

राजस्थान में शादियों का सीजन जहां एक ओर खुशियां लेकर आ रहा है, वहीं कोटपुतली-बहरोड़ जिले के विराटनगर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ढाणी गैसकान गांव में शादी समारोह की बची हुई मिठाई लोगों के लिए जहर साबित हो गई। रसमलाई खाने के बाद 30 स्कूली बच्चों समेत कुल 97 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्कूल में बांटी गई बची हुई मिठाई

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गांव में लगन-टीका समारोह आयोजित किया गया था। समारोह के बाद बची हुई रसमलाई को शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के बीच बांट दिया गया।

स्कूल स्टाफ के मुताबिक, उन्होंने बच्चों को मिठाई देने से पहले खुद चखकर देखी थी, लेकिन तब सब कुछ ठीक लग रहा था।

चार घंटे बाद बिगड़ी तबीयत:-

मिठाई खाने के करीब चार घंटे तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन दोपहर होते-होते बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

  • सबसे पहले एक बच्चे को उल्टी हुई।
  • इसके बाद कई बच्चों को पेट दर्द, चक्कर और घबराहट की शिकायत होने लगी।

देखते ही देखते स्कूल और गांव में हड़कंप मच गया। जिन लोगों ने सुबह रसमलाई खाई थी, उनकी भी हालत खराब होने लगी। प्रशासन के अनुसार, कुल 97 लोग बीमार हुए हैं, जिनमें 30 बच्चे शामिल हैं।

अस्पताल में मचा हड़कंप

एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के आंतेला सीएचसी पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई।

  • मेडिकल टीम अलर्ट: डॉ. संतोष कुमार स्वामी के नेतृत्व में नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्ट की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया
  • गंभीर मरीज रेफर: कई मरीजों को शाहपुरा उप जिला अस्पताल भेजा गया
  • प्रशासन मौके पर: विराटनगर एसडीएम कपिल उपाध्याय और बीसीएमओ डॉ. सुनील मीणा ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए

रसमलाई के सैंपल जांच के लिए भेजे:-

घटना के बाद जिला एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर रसमलाई के सैंपल लिए हैं। शुरुआती जांच में इसे बैक्टीरियल इंफेक्शन का मामला माना जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में दूध से बनी मिठाइयां 8-10 घंटे में खराब हो सकती हैं। ऐसे में रात की बनी रसमलाई सुबह तक खराब हो जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन पर उठे सवाल:-

इस घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि स्कूल प्रशासन ने बिना जांच के बाहरी मिठाई बच्चों में क्यों बांटी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

You may have missed