Crime News: “मैं मरूंगी और मारूंगी…” जेठ को ऑडियो भेज पति पर कुल्हाड़ी से किया हमला, फिर लगा लिया फंदा

Crime News: राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। मजावड़ी गांव में एक पत्नी ने अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसे मृत समझकर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल पति का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय उमेश गमेती और उसकी 21 वर्षीय पत्नी दुर्गा गमेती गुरुवार रात गांव में आयोजित भजन संध्या में शामिल होकर घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दुर्गा ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से उमेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पति को मृत समझकर उठाया आत्मघाती कदम:-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति पर हमला करने के बाद दुर्गा ने उसे मृत समझ लिया। इसके बाद उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शुक्रवार दोपहर तक घर से कोई बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो दुर्गा फंदे से लटकी मिली, जबकि उमेश खून से लथपथ गंभीर हालत में घायल पड़ा था। ग्रामीणों ने तुरंत उमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना से पहले भेजा था ऑडियो संदेश:-
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले दुर्गा ने अपने जेठ को एक ऑडियो संदेश भेजा था। इसमें उसने कहा था, “मैं मरूंगी और मारूंगी, दादा अलविदा। मेरी मौत के बाद किसी को परेशान मत करना।” पुलिस ने इस ऑडियो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस जेठ से भी पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
परिजनों के अनुसार, दोनों की शादी कुछ महीनों पहले ही हुई थी। परिवार को पहले कभी किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस घायल पति के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।