Rajasthan: ‘पुष्पा’ स्टाइल में तस्करी, रील की चाल अब रियल में… पुलिस भी रह गई दंग

post 126 (1)

Chittorgarh: कभी पशु आहार की आड़, कभी प्याज की बदबू में मादक पदार्थ छिपाने की कोशिश और अब बैंककर्मी बनकर तस्करी—जिले में नशा तस्करों के बदलते तौर-तरीके चौंकाने वाले हैं। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध धंधे में पढ़े-लिखे युवक से लेकर वर्दीधारी तक शामिल होते नजर आ रहे हैं।

बैंककर्मी बनकर कर रहा था तस्करी:-

पुलिस की एएनटीएफ टीम ने हाल ही में शंभूपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 किलो 140 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

मोटरसाइकिल सवार युवक को जब पुलिस ने रोका तो उसने गले में लटकाया आईडी कार्ड दिखाते हुए खुद को बैंककर्मी बताया और जल्दबाजी में होने की बात कहकर निकलने की कोशिश की।

युवक का हुलिया बिल्कुल एक प्रोफेशनल बैंक कर्मचारी जैसा था—गले में आईडी कार्ड और व्यवहार में शालीनता, ताकि नाकाबंदी के दौरान किसी को शक न हो।

लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जब पुलिस ने तलाशी ली तो मोटरसाइकिल पर बंधे कार्टन से 10 किलो 140 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने जोधपुर जिले के कापरड़ा थाना क्षेत्र के ओलवी निवासी 25 वर्षीय सुनील सरगरा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अलग-अलग नंबर की तीन नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।

जब-जब तस्करों ने अपनाए नए तरीके, तब-तब पकड़े गए:-

  • पशु आहार की आड़:-
    5 अप्रैल को निम्बाहेड़ा सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पशु आहार के नीचे छिपाए गए 101 कट्टों में 20 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा जब्त किया।
  • प्याज के कट्टों में छिपाया नशा:-
    19 अप्रैल को सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने एक ट्रक में प्याज की आड़ में 3 किलो अफीम और 100 ग्राम हेरोइन बरामद की। दो आरोपी गिरफ्तार किए गए।
  • लग्जरी कारों का इस्तेमाल:-
    तस्करों को लगता है कि लग्जरी गाड़ियों को पुलिस कम चेक करती है, लेकिन पुलिस ने कई मामलों में इस मिथक को तोड़ा है।
    – 29 अप्रैल को एक कार से 9 किलो 999 ग्राम अफीम बरामद
    – शंभूपुरा थाना पुलिस ने लग्जरी कार से 45 किलो डोडा चूरा पकड़ा
    – गंगरार पुलिस ने जीप से 435 किलो डोडा चूरा और 1 किलो 200 ग्राम अफीम जब्त की

खाकी पर भी दाग:-

इस पूरे नेटवर्क का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब एक पुलिसकर्मी ही तस्करी में लिप्त पाया गया। 5 अप्रैल को सदर थाना पुलिस ने आरएसी के एक जवान को 2 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया।

युवा पीढ़ी में बढ़ रहा खतरनाक ट्रेंड:-

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस धंधे में अब पढ़े-लिखे और रसूखदार युवक भी शामिल हो रहे हैं। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाह और लग्जरी लाइफस्टाइल का आकर्षण युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहा है।

You may have missed