श्रीगंगानगर: जिला अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, डॉक्टरों और गार्ड्स की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

post 622 (1)

श्रीगंगानगर। राजकीय जिला चिकित्सालय में बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 10:11 बजे ओपीडी और पर्ची काउंटर के पास स्थित मुख्य विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पैनल से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उस समय अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ मौजूद थी।

आग लगने की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।

कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा:-

घटना के दौरान अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों, चिकित्सकों और कैदियों को उपचार के लिए लाए पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने मरीजों और परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसी बीच विद्युत कर्मचारी सुभाष और प्रवीण कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

कुछ समय के लिए बाधित रही ओपीडी सेवाएं:-

सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी ब्लॉक को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। मरीजों को असुविधा न हो, इसके लिए चिकित्सकों ने आपातकालीन वार्ड में बैठकर मरीजों को देखना और दवा लिखना शुरू किया। अचानक व्यवस्था बदलने से कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन समय रहते उठाए गए कदमों से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।

पीएमओ ने दी जानकारी:-

जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह बराड़ ने बताया कि ओपीडी और पर्ची काउंटर के पास स्थित विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।

You may have missed