Road Accident: तेज रफ्तार कार का कहर, दो बाइकों को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

अलवर। जिले के पिनान क्षेत्र में डोरोली गांव के पास मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से गढ़ीसवाईराम मार्ग पर नांगल और डोरोली के बीच दौड़ रही थी। इसी दौरान उसने सबसे पहले सामने से आ रही एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कुछ दूरी आगे दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।
पहली बाइक पर रैणी क्षेत्र के रामसिंहपुरा निवासी 22 वर्षीय नीरज मीणा सवार था। वह अपने ननिहाल मोनूका गांव से वापस घर लौट रहा था। हादसे में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को राजगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
वहीं दूसरी बाइक पर झाकड़ा निवासी 50 वर्षीय सोहनपाल प्रजापत अपनी पत्नी चिम्मच देवी और 5 वर्षीय पोते गोलू के साथ जा रहे थे। कार की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में सोहनपाल ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी और पोते का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।