Crime News: तीन साल बाद पीहर से ससुराल लौटी विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

हिण्डौन सिटी (करौली)। जिले के मासलपुर थाना क्षेत्र के बर्बटपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतका निरमा देवी की शादी करीब 12-13 वर्ष पहले राजेंद्र गुर्जर के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से अपने पीहर में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही समाज के लोगों और रिश्तेदारों की समझाइश के बाद दोनों पक्षों में सुलह करवाई गई थी, जिसके बाद निरमा वापस अपने ससुराल आई थी।
बताया जा रहा है कि परिजनों को आज सुबह घर में खून पड़ा दिखाई दिया। थोड़ा आगे जाकर देखा तो निरमा गंभीर हालत में पड़ी हुई थी। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की है। घटनास्थल के पास से एक धारदार हथियार भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका की बड़ी बहन की शादी भी इसी परिवार में हुई थी और वह वर्तमान में वहीं रह रही है। बताया जा रहा है कि मृतका और उसके पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों की कोई संतान नहीं थी, जिससे अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
घटना के बाद मृतका के परिजन आक्रोशित हैं और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।