बीकानेर: नहर में डूबे दो चचेरे भाई, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

बीकानेर। महाजन क्षेत्र में कंवरसेन लिफ्ट नहर में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों में से एक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर महाजन निवासी जगदीश मेघवाल और दिनेश मेघवाल अपने साथी सुखदेव स्वामी के साथ अरजनसर से महाजन लौट रहे थे। अरजनसर से निकलने के बाद युवकों ने नहर में नहाने का प्लान बनाया व नहर के किनारे पर पहुंच गए। जगदीश व दिनेश नहर में नहाने उतरे। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक डूबने लगे।
साथी सुखदेव स्वामी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शोर सुनकर आसपास की ढाणियों से किसान भी मौके पर पहुंचे और रस्सियों की मदद से बचाव का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते दोनों युवक नहर में डूब गए। साथियों के डूबने से सुखदेव भी घबरा गया।
घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराकों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा बीकानेर से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर रात तक चले सर्च अभियान में कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने नहर से एक युवक का शव बरामद किया, जिसकी पहचान दिनेश मेघवाल के रूप में हुई। वहीं दूसरे युवक जगदीश मेघवाल की तलाश जारी है।
घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में चचेरे भाई है।