बेटे की मौत, सुबह से तारों पर लटका शव, मौके पर आ रहे पिता का एक्सीडेंट

बेटे की मौत, सुबह से तारों पर लटका शव, मौके पर आ रहे पिता का एक्सीडेंट
जालोर में बिजली फाल्ट ठीक करने खंबे पर चढ़े FRT कर्मचारी की 11KV की लाइन पर करंट लगने से मौत हो गई। वह 11KV की लाइन पर काम कर रहा था इसी दौरान किसी ने लाइन क्लियर होने की सूचना दे दी। ऐसे में, लाइनमैन ने लाइट चालू कर दी। करंट के झटके से युवक तारों पर ही लटक गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही उसके पिता बाइक लेकर घर से निकले। रास्ते में एक कैंपर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए और सिर के पिछले हिस्से में चोट आई है।
इधर, युवक का शव 9 बजे से पोल पर ही लटका है। परिजनों की मांग है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपियों को सजा मिले। मामला जालोर के थाना बिशनगढ़ के बालवाड़ा गांव का बुधवार सुबह 9 बजे का है। मौके पर समाज जनों की भीड़ जमा है। प्रशासक भंवर सिंह बालावत मौके पर हैं और परिजनों से बात कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लाइनमैन को हिरासत में ले लिया है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।