बीकानेर में बजा सायरन, सूचना पर दौड़ी दमकल की गाड़ियां

11

बीकानेर में बजा सायरन, सूचना पर दौड़ी दमकल की गाड़ियां
बीकानेर शहर में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुबह 9 बजकर 2 मिनट पर सायरन बजते ही शहर में हलचल मच गई। राह चलते लोग एक पल के लिए घबरा गए और एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे कि आखिर क्या हुआ है। दरअसल, सभी को एयर स्ट्राइक होने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद पूरा सिस्टम अलर्ट हो गया।

मॉक ड्रिल के तहत बीछवाल स्थित इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट में एयर स्ट्राइक के बाद बम धमाका होने की सूचना बताई गई। इसके बाद प्लांट में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तेजी से श्रीगंगानगर रोड स्थित प्लांट की ओर रवाना हुईं। प्लांट के गेट पहले से खुले रखे गए थे, ताकि दमकल वाहन बिना देरी के भीतर पहुंच सकें।

बीछवाल और मुरलीधर व्यास नगर स्थित फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को रवाना किया गया। सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने में लगे समय का विशेष रूप से आकलन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय और संसाधनों की उपलब्धता को परखना है।