Road Accident: ट्रक-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, 14 लोग घायल

post 388 (1)

Road Accident: राजस्थान के डीग-गोवर्धन मार्ग स्थित बहज गांव के पास रविवार को ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप में सवार 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली थाना अधिकारी रामनरेश मीणा मय पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को डीग राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार सभी घायल रामपुर से पिकअप वाहन में सवार होकर वृंदावन में सवामणी कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बहज गांव के समीप गोवर्धन की ओर से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे पिकअप में सवार लोग घायल हो गए।

हादसे में नरेश पुत्र जगदीश (30), गिल्लू पुत्र बलराम (25), अमित पुत्र मदनलाल (30), साहिल पुत्र राम सिंह (20), कुलदीप पुत्र सुरेश (10), कैलाश पुत्र लीलाराम (35), नवीन पुत्र बृजेश (20), रिंकू पुत्र नरेश (22), दुलीचंद पुत्र जगदीश (26), हितेश पुत्र अशोक (10), सुरेश पुत्र रामअवतार (40), पूरन पुत्र बाबूलाल (36), रोशन पुत्र सुगन (30) और संदीप (18) निवासी रामपुर-बानसूर घायल हुए हैं।

पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

You may have missed