Road Accident: बच्चों से भरी स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 बच्चे गंभीर घायल

post 1679 (1)

Road Accident: राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतु थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। नेशनल हाईवे-25 पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक बस को करीब 40-50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में बस में सवार करीब 10 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है।

सुबह स्कूल जाते वक्त हुआ हादसा:-

जानकारी के अनुसार, ‘सरस्वती विद्या मंदिर’ की स्कूल बस सुबह करीब 8 बजे आसपास के गांवों से 50 से अधिक बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस बायतु पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े।।

बस में फंसे बच्चों को निकालने में मशक्कत:-

हादसे में बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई बच्चे अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की मदद से बस के पिचके हिस्से को काटकर बच्चों को बाहर निकाला गया।

गंभीर घायलों को किया रेफर:-

घायलों को तुरंत बायतु के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 5 बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बालोतरा के नाहटा अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ बच्चों के सिर में चोट, हाथ-पैर में फ्रैक्चर और दांत टूटने जैसी चोटें आई हैं, जबकि अन्य बच्चों की हालत स्थिर है।

पुलिस जांच में जुटी, चालक फरार:-

घटना की सूचना मिलते ही बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट और थानाधिकारी मनोहर विश्नोई मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।