Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, इन जिलों में लू और धूलभरी आंधी का अलर्ट जारी

post 1678 (1)

Weather Update: राजस्थान में तेज गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिछले दो दिनों से सूर्य की तपिश ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस दौरान चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

भीषण गर्मी के चलते लोगों की दिनचर्या बदल गई है। अब लोग सुबह 10 बजे से पहले और शाम 5 बजे के बाद ही घरों से बाहर निकलना पसंद कर रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग:-

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। बाजारों में गन्ने का रस, तरबूज, खरबूजा और ककड़ी-खीरे की बिक्री में तेजी आई है। जूस सेंटर और ठेले दिनभर ग्राहकों से भरे नजर आ रहे हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी:-

भारतीय मौसम विभाग ने 23 अप्रैल से कई जिलों में धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी है। हालांकि तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है। विभाग ने 23 और 24 अप्रैल को भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं 25 अप्रैल को भी इन जिलों में हीटवेव जारी रहने की आशंका जताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह:-

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सिर को ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री और बढ़ोतरी हो सकती है। गर्मी से बचने के लिए सुबह-शाम पार्कों और उद्यानों में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है, जहां बच्चे, बुजुर्ग और युवा समय बिताते नजर आ रहे हैं।