Road Accident: कैंपर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

post 514 (1)

चुरू: सरदारशहर के भानीपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव बोघेरा के पास एक कैंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सरदारशहर के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही भानीपुरा पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। भानीपुरा थाने के एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि मृतक रामस्वरूप के बड़े भाई मोहनलाल मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, 28 वर्षीय रामस्वरूप मेघवाल अपनी 55 वर्षीय मां इमरती देवी के साथ बाइक पर सवार होकर शिमला गांव स्थित बैंक में काम से गए थे। बैंक का कार्य पूरा करने के बाद दोनों वापस अपने गांव बोघेरा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास सामने से आ रही एक कैंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने बिना देर किए दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मामले में रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, रामस्वरूप दो भाइयों में छोटा था और उसके दो पुत्र हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते हुए नजर आए। हादसे की सूचना पर पूरे गांव में गमगीन माहौल हो गया।