राजस्थान: दो बच्चों की मां को हुआ प्यार, थाने जाकर बोली ‘बालिग हूं प्रेमी के साथ रहूंगी’, पति की गोद में रोते रहे मासूम

राजस्थान: बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के मूंडघसा गांव में एक विवाहिता के अपने पति और दो मासूम बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चले जाने का मामला चर्चा में है। मंगलवार को महिला अपने प्रेमी धनराज के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और स्वयं को बालिग बताते हुए उसके साथ रहने की इच्छा जताई।
जानकारी के अनुसार, महिला के पति परमेश्वर यादव ने 18 मई को दबलाना थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस महिला की तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को महिला स्वयं अपने प्रेमी के साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित हो गई।
महिला ने अधिकारियों के समक्ष स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहना चाहती है। जैसे ही इसकी जानकारी महिला के पति और परिजनों को लगी वे बड़ी संख्या में महिला थाने पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही।
इस दौरान महिला के दो और चार वर्षीय बेटे भी थाने पहुंचे। मां को देखकर दोनों बच्चे उससे लिपटने की कोशिश करते हुए रोने लगे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं, लेकिन महिला ने अपना निर्णय नहीं बदला।
दबलाना थाने के एएसआई रघुराज सिंह ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद महिला मंगलवार को अपने प्रेमी के साथ पुलिस के समक्ष उपस्थित हुई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह प्रेमी के साथ चली गई।