Road Accident: तेज रफ्तार कार ने टेंपो को मारी टक्कर, 3 लोग घायल

post 508 (1)

अलवर। शहर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में थाने से करीब 50 मीटर दूरी पर एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो पलट गया और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

घायल के परिजन अजय जोशी ने बताया कि सुभाष जोशी, अनु व ईशान अपने निजी कार्य से बम्बोली गांव से अलवर आए हुए थे। दोपहर बाद वह अपना काम खत्म कर टेंपो में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और टेंपो को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक ओवरटेक करने के दौरान गलत दिशा में चला गया, जिससे यह हादसा हुआ। मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार की टक्कर के बाद टेंपो के पलटने का दृश्य कैद हुआ है।