Road Accident: खाटूश्यामजी के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर पलटा कैंटर, 3 की मौत, 2 गंभीर घायल

Road Accident: राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए हरियाणा के करनाल से निकले श्रद्धालुओं की यात्रा शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152D पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है।
जुलाना थाना पुलिस के अनुसार, करनाल के सेक्टर-13 और सेक्टर-8 निवासी पांच श्रद्धालु कार से खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुए थे। नेशनल हाईवे 152D पर सफर के दौरान अचानक गाड़ी के सामने एक आवारा कुत्ता आ गया। चालक ने कुत्ते को बचाने के लिए ब्रेक लगाए, जिससे कार का अगला हिस्सा हल्का क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने वाहन को सड़क किनारे रोककर नुकसान का जायजा लेना शुरू किया।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर कार और उसके पास खड़े लोगों से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर सड़क किनारे बने गड्ढे में कार के ऊपर पलट गया, जिससे श्रद्धालु उसके नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में करनाल निवासी धर्मपाल (45), राजकुमार (50) और स्वीटी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जुलाना के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से कार के ऊपर पलटे कैंटर को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।