Crime News: पत्नी के चरित्र पर था शक, पति ने कुल्हाड़ी से वार कर की हत्या

बांसवाड़ा। जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के इटाला गांव में शुक्रवार शाम चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले लाठी से मारपीट की और इसके बाद कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन महिला को उपचार के लिए बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
थानाधिकारी धनपत सिंह खले ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी शोभा (30) के चरित्र पर संदेह करता था। शुक्रवार शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पहले लाठी से हमला किया और बाद में कुल्हाड़ी से कई वार कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन घायल शोभा को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस:
वारदात के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।