Road Accident: ओवरटेक के दौरान लोक परिवहन बस और पिकअप की भीषण भिड़ंत, एक महिला घायल

post 1544 (1)

Road Accident: खैरथल-ततारपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ओवरटेक के दौरान लोक परिवहन निगम की बस और दूध से भरी पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला घायल हुई है, जबकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, खैरथल-तिजारा के मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड-25 (खैरथल-मातौर मार्ग) पर अगवानी स्टैंड के पास सुबह करीब 10:30 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ओवरटेक बना हादसे की वजह:-

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस खैरथल से ततारपुर चौराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और केवल एक महिला को मामूली चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सड़क पर बिखरा दूध, लगा जाम:-

हादसे के समय पिकअप में दूध के केन लदे हुए थे। टक्कर के बाद कई केन सड़क पर गिर गए, जिससे दूध सड़क पर फैल गया और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा:-

सूचना मिलते ही खैरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना लगातार हादसों की वजह बन रहा है।