Road Accident: कार और रोडवेज बस की आमने-सामने भीषण भिडंत; 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 8 अन्य घयल

post 276 (1)

मेड़ता सिटी (नागौर)। अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसा चकढाणी गांव की सरहद के पास हुआ, जंहा कार और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग जोधपुर जिले के निवासी थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। बताया जा रहा है कि परिवार प्रसिद्ध संत चतुरदास महाराज के दर्शन के लिए बुटाटी धाम जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे सामने से आ रही रोडवेज बस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि रोडवेज बस संतुलन खोकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा:-

सूचना मिलते ही कुचेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस कर्मियों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया।

घायलों का इलाज जारी:-

घायलों को पहले रेण स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेड़ता उप-जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों में पुरुष, महिलाएं और दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।