Rajasthan: पूछताछ के लिए थाने में बुलाए युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, अस्पताल में हुई मौत

जोधपुर। शहर के बासनी थाना क्षेत्र में पूछताछ के लिए लाए गए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक ने थाने में आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया।
एडीसीपी पश्चिम नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि बासनी थाने में दर्ज एक युवती की गुमशुदगी के मामले में लूणी क्षेत्र के सर गांव निवासी 30 वर्षीय अमृत दास से पूछताछ के लिए मंगलवार को थाने बुलाया गया था। पुलिस जांच के दौरान युवती की कॉल डिटेल में अमृत दास से लगातार बातचीत होना सामने आया था। पुलिस के अनुसार युवती की आखिरी बातचीत भी उसी से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक अमृत दास दोपहर करीब तीन बजे थाने पहुंचा, जहां उसकी एंट्री स्वागत कक्ष में दर्ज की गई। इसके बाद अनुसंधान अधिकारी ने उससे पूछताछ की। शाम करीब साढ़े पांच बजे उसने थाने के एक कमरे में आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी उसे एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसके बयान भी दर्ज कराए गए। हालांकि उपचार के दौरान रात करीब नौ बजे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी तुरंत उसके परिजनों और साथ आए व्यक्ति को दे दी।
एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि थाना परिसर में इस तरह की घटनाओं के लिए निर्धारित एसओपी लागू की गई है। मामले में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न्यायिक जांच भी करवाई जाएगी। परिजनों की ओर से जो भी शिकायत या रिपोर्ट दी जाएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतक के चाचा दलपत ने आरोप लगाया कि अमृत को बिना किसी औपचारिक कार्रवाई के थाने में रोककर रखा गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। दलपत के अनुसार, युवती के परिजन भी उस समय थाने में मौजूद थे।
बासनी थाना अधिकारी नितिन दवे ने बताया कि 4 जून को एक युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच के दौरान युवती और अमृत दास के बीच बातचीत के तथ्य सामने आए थे। इसी आधार पर उसे पहले भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था और मंगलवार को दोबारा थाने बुलाया गया, लेकिन इस दौरान उसने ये कदम उठा लिया।