बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई, कुख्यात नशा तस्कर के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर

post 728 (1)

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन नीलकंठ के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार भुट्टों का बास क्षेत्र में जग्गू उर्फ शकील द्वारा किए गए अवैध निर्माण और कब्जे को प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

जानकारी के मुताबिक, जग्गू उर्फ शकील के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है और वर्तमान में नशा तस्करी के एक मामले में जेल में बंद है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर अवैध नशे के कारोबार से अर्जित धन से यह निर्माण कराया था। इसी आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को हटाया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।