बीकानेर: ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत

बीकानेर। करणी इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 9:05 बजे करणी इंडस्ट्रियल एरिया के रोड नंबर-2 पर हुआ।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पाबूबारी निवासी सावित्री देवी पत्नी भूराराम (70) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। वहीं ख़िदमतगार खादिम सोसाइटी एवं असहाय सेवा संस्थान की टीम एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस की मौजूदगी में शव को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही संबंधित ट्रक और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।