Rajasthan: पुलिस और तस्करों के बीच फायरिंग, SUV से 421 किलो डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार

उदयपुर। जिले की सायरा थाना पुलिस ने गोगुंदा क्षेत्र में देर रात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया। रणकपुर रोड पर मजावड़ा के समीप नाकेबंदी के दौरान एक सफेद एसयूवी वाहन से करीब 421 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्करों और पुलिस के बीच फायरिंग होने से देर रात इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी के नेतृत्व में पुलिस टीम रणकपुर रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सफेद एसयूवी वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ दी। आरोप है कि इसी दौरान वाहन में सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा और कार्रवाई के तहत तीन राउंड फायर किए। पुलिस की एक गोली तस्करी वाहन के कांच पर लगी, लेकिन तस्कर तेज रफ्तार में वाहन लेकर रणकपुर के जंगलों की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए संदिग्ध वाहन को बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान वाहन में प्लास्टिक के 22 कट्टों में भरा करीब 421 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
घटना के बाद रणकपुर और आसपास के जंगलों में फरार तस्करों की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।