Road Accident : बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत; दो अन्य गंभीर घायल

Road Accident : राजसमंद, जिले के आमेट थाना क्षेत्र में ढेलाणा भैरूजी के दर्शन को जा रहे दो भाई बहन, भांजे-भांजी व भतीजे को बेकाबू ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में भाई, भांजे और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहन और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। घटनास्थल से लेकर आमेट अस्पताल तक चीख-पुकार और रुदन का माहौल बना रहा। एक साथ तीन मौतों से आमेट शहर में शोक की लहर फैल गई।
आमेट थाना प्रभारी ओम सिंह चुंडावत ने बताया कि आमेट शहर की नगरपालिका कॉलोनी निवासी मुकेश पुत्र हस्तीमल जोशी डाकोत (40) अपनी बहन मधुबाला जोशी (32), जो जयपुर निवासी हैं, के साथ ढेलाणा भैरूजी के दर्शन के लिए बाइक पर जा रहे थे। उनके साथ भतीजा कुलदीप पुत्र कृष्ण कुमार (7), भांजा लक्ष्यदीप पुत्र विष्णुदत्त और भांजी चारू उर्फ काव्या (13) भी सवार थे।
जानकारी के अनुसार, चंद्रभागा नदी स्थित आसन पुलिया के पास सामने से तेज रफ्तार में आए एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मुकेश जोशी, कुलदीप और लक्ष्यदीप ट्रेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मधुबाला और काव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना बेहद भयावह थी। हादसे के दौरान मुकेश जोशी और दोनों बच्चे ट्रेलर के नीचे आ गए। मुकेश का शव ट्रेलर के टायर के नीचे फंस गया, जबकि दोनों बच्चे सड़क के दोनों ओर जा गिरे। घायल महिला सड़क पर तड़पती रही। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों व घायलों को आमेट अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए, जबकि घायलों का उपचार शुरू कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने के बाद करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।