ढाणी में अचानक लगी भीषण आग, बाइक व अन्य सामान जलकर राख

post 383 (1)

बीकानेर। महाजन क्षेत्र के समीपवर्ती जैतपुर की उत्तराधी रोही स्थित एक खेत की ढाणी में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ढाणी में बने तीनों छपरे उसकी चपेट में आ गए। घटना के समय छपरों में बंधी गाय और बकरियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार खेत काश्तकार शंकरलाल, उनकी पत्नी और छोटा भाई पप्पूराम दोपहर के समय छपरे में आराम कर रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

आग की इस घटना में एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। साथ ही करीब 30 हजार रुपये की नकदी, खाने-पीने का सामान, गेहूं, पशुओं का चारा (पशुआहार) तथा घरेलू उपयोग का अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी जुटाई।

प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण ढाणी में चार्जिंग पर लगी टॉर्च में अचानक हुआ तेज धमाका माना जा रहा है। इस बारे में प्रशासन को अवगत करवाते हुए पीडि़त परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।