Rajasthan: भजनलाल सरकार की पेंशनरों को बड़ी राहत, फेस ऑथेंटिकेशन से जमा होगा जीवित प्रमाण पत्र; पढ़े खबर

post 664 (1)

जयपुर। भजनलाल सरकार ने प्रदेश के पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए जीवित प्रमाण पत्र जमा कराने की प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। अब पेंशनर्स फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से भी अपना जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। यह सुविधा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर अन्य पेंशनधारकों के लिए लागू होगी।

नई व्यवस्था के तहत पेंशनर अपनी SSO आईडी के जरिए ई-साइन कर जीवित प्रमाण पत्र का प्रमाणीकरण कर सकेंगे, जिससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

सरकार ने दिव्यांग पुत्र-पुत्रियों को मिलने वाली आजीवन पारिवारिक पेंशन के नियमों में भी संशोधन किया है। अब दिव्यांगता संबंधी प्रमाण पत्र सक्षम प्राधिकारी अथवा विशेषज्ञ चिकित्सकों वाले मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण पत्र के आधार पर मान्य होगा।

इसके साथ ही स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में एक बार प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, जबकि अस्थायी दिव्यांगता वाले मामलों में हर तीन वर्ष में नया प्रमाण पत्र जमा कराना आवश्यक होगा।