राजस्थान: ANTF और NCB की बड़ी कार्रवाई, 149.862 किलो गांजा जब्त; चार तस्कर गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान उड़ीसा से राजस्थान लाई जा रही 149.862 किलोग्राम गांजे की खेप बारां जिले में जब्त की गई। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खेप को जयपुर में बड़े पैमाने पर सप्लाई किया जाना था।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि एनसीबी जयपुर चीफ अभिषेक नारायण सिन्हा की नियुक्ति के साथ ही दोनों एजेंसियों ने संयुक्त रणनीति बनाकर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में कालुलाल (48) पुत्र मोहनलाल बागड़ी (मोगिया) निवासी संबलपुर, थाना बारां सदर, रेणु (25) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया) निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां, नरेश (32) पुत्र जोधराम बागड़ी (मोगिया) निवासी गजनपुरा बम्बुलिया, कोतवाली बारां, लोकेश (23) पुत्र नन्दलाल बागड़ी (मोगिया) निवासी बम्बुलिया माताजी, थाना अंता (बारां) को गिरफ्तार किया है।
उड़ीसा से ट्रेन तक और फिर राजस्थान तक किया पीछा:-
जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर उड़ीसा और छत्तीसगढ़ में खिलौने बेचने के बहाने जाते हैं और वहां से कम कीमत पर गांजा खरीदकर राजस्थान लाते हैं। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और एनसीबी की विशेष टीम उड़ीसा पहुंची, जहां पता चला कि आरोपी रायपुर की ओर रवाना हो चुके हैं और झांसी जाने वाली ट्रेन में सवार हैं। इसके बाद टीम भी उसी ट्रेन में सवार होकर लगातार उनकी निगरानी करती रही।
मुंडियार टोल प्लाजा पर दबोचे गए तस्कर:-
झांसी स्टेशन पर उतरने के बाद आरोपियों ने एक पिकअप वाहन किराए पर लिया और परिवार के सदस्यों के साथ राजस्थान की ओर रवाना हो गए। ट्रेन में मौजूद टीम से मिले इनपुट के आधार पर दूसरी टीम को बारां जिले के मुंडियार टोल प्लाजा पर तैनात किया गया। जैसे ही पिकअप वहां पहुंची, पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर वाहन को कब्जे में ले लिया। शाहबाद थाने ले जाकर तलाशी लेने पर वाहन से 50 पैकेटों में 149.862 किलो गांजा बरामद हुआ।
सस्ते में खरीदकर महंगे दामों पर बेचते थे गांजा:-
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से करीब 2 हजार रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीदते थे और राजस्थान में ऊंचे दामों पर बेचते थे। शुरुआत में उन्होंने छोटी मात्रा से काम शुरू किया, लेकिन जब मोटी कमाई होने लगी, तो लालच बढ़ गया और वे कोटा, भरतपुर, जयपुर सहित कई जिलों में बड़ी खेप सप्लाई करने लगे।
फिलहाल एएनटीएफ और एनसीबी पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।